सड़क नहीं तो वोट नहीं: ग्राम पंचायत नारकोली के ग्रामीणों ने विधानसभा चुनाव 2027 के बहिष्कार की दी चेतावनी

नारायणबगड़/चमोली।

चमोली जनपद के विकासखंड नारायणबगड़ की ग्राम पंचायत नारकोली के ग्रामीणों ने मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी थराली को ज्ञापन सौंपते हुए आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के बहिष्कार की चेतावनी दी है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि नारकोली गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित है, जबकि वर्षों पूर्व मोटर मार्ग का सर्वेक्षण किया जा चुका है। प्रस्तावित सड़क की लंबाई लगभग 2.50 किलोमीटर बताई गई है और विभागीय स्तर पर सर्वे के साथ आवश्यक दस्तावेज एवं एनओसी की प्रक्रिया भी पूरी होने का दावा किया गया है। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

 

ज्ञापन में कहा गया है कि सड़क न होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और दैनिक आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले भी पंचायत चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने सड़क की मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार का निर्णय लिया था, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मोटर मार्ग निर्माण की कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो ग्राम पंचायत नारकोली के मतदाता आगामी विधानसभा चुनाव 2027 का सामूहिक बहिष्कार करेंगे।

 

ज्ञापन पर ग्राम प्रधान सहित ग्राम सभा के कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।