नौ विद्यालयों के 150 से अधिक बच्चों को बांटे स्वेटर और ट्रैक सूट

श्रीनगर। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था उत्तरोदय दिल्ली की ओर से शुक्रवार को कीर्तिनगर विकासखंड के नौ राजकीय विद्यालयों के 120 से अधिक जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को ट्रैक सूट वितरित किए गए। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी कीर्तिनगर डॉ. यशवंत नेगी व संस्था के अध्यक्ष आईडी पांडेय ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस तरह के प्रयासों से बच्चों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही उनमें शिक्षा के प्रति उत्साह भी बढ़ता है। संस्था की ओर से विकासखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सेमली, गुरछोली, गवाणा, सौडू और मायादेवीखाल सहित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गौंली, राजकीय हाईस्कूल बरसोली और राजकीय इंटर कॉलेज हिसरियाखाल के विद्यार्थियों को स्वेटर और ट्रैक सूट वितरित किए गए। मौके पर संस्था के सचिव दिनेश प्रसाद जोशी, अनिल जोशी, डा. नारायण प्रसाद उनियाल आदि मौजूद रहे। राइंका हिंसरियाखाल के प्रधानाचार्य डा. हर्षमणि पांडेय ने संस्था का आभार जताया।
