चमोली जिले के छिनका गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने गांव के बीचोंबीच एक गुलदार का शव पड़ा देखा।
चमोली जिले के छिनका गांव में सोमवार सुबह एक गुलदार का शव मिलने से हड़कंप मच गया। गांव के बीचोंबीच गुलदार का शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी, जिसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। वन विभाग के अनुसार, प्रथम दृष्टया गुलदार की मौत आपसी संघर्ष के कारण होने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। वहीं, गांव में लंबे समय से गुलदार की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
।ग्रामीणों के अनुसार, सुबह एक खच्चर संचालक अपने रोजमर्रा के काम से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गुलदार का शव देखकर वह डर गया और वापस लौट आया। इसके बाद उसने अन्य ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी।
ग्राम प्रधान पुष्पा देवी का कहना है कि गांव में लंबे समय से गुलदार दिखाई दे रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय बना हुआ है। खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदारों को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने की मांग की है।
गुलदार का शव मिलने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया। वन क्षेत्राधिकारी मोहन सिंह नेगी ने बताया कि विभागीय टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। प्रथम दृष्टया गुलदार की उम्र करीब दो से ढाई वर्ष आंकी गई है। उन्होंने आशंका जताई कि गुलदार की मौत आपसी संघर्ष के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। वन विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की ओर से क्षेत्र में अन्य गुलदारों की मौजूदगी की बात सामने आई है। इसे देखते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही ग्रामीणों से सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की गई है।
