चमोली: लोक निर्माण विभाग में इंतजार करते रहे विधायक और कार्यकर्ता, दिशा बैठक में संगठन की अनदेखी पर उठे सवाल

चमोली में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी दिशा की बैठक के दौरान भाजपा संगठन में आपसी समन्वय की कमी खुलकर सामने आई। बैठक में शामिल होने पहुंचे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के दौरे के दौरान भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता अलग-अलग स्थानों पर इंतजार करते रहे, जबकि संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी बैठक से नदारद दिखाई दिए। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिली है।

जानकारी के अनुसार दिशा बैठक के दौरान कर्णप्रयाग और थराली के विधायक समेत भाजपा के कई कार्यकर्ता लोक निर्माण विभाग भवन में सांसद अनिल बलूनी के इंतजार में बैठे रहे। दूसरी ओर दिशा बैठक में भाजपा संगठन के कई प्रमुख चेहरे मौजूद नहीं दिखे। भाजपा जिलाध्यक्ष, भाजपा समर्थित ब्लॉक प्रमुख और नगर पालिका अध्यक्ष भी बैठक में शामिल नहीं हुए।

बैठक में संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का माहौल बना रहा। कई कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन और जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी बताया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सांसद के कार्यक्रम की जानकारी समय पर और स्पष्ट रूप से साझा नहीं की गई, जिससे भ्रम की स्थिति बनी रही।

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि उन्हें कार्यक्रम की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी। अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सवाल उठ रहे हैं कि भाजपा जैसे मजबूत संगठन में समन्वय की कमी आखिर क्यों देखने को मिली और क्या संगठन के भीतर संवाद की कमी बढ़ रही है।