*डायट गौचर में डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं के लिए पाँच दिवसीय अबेकस प्रशिक्षण प्रारंभ*

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली (गौचर) में आज से डी.एल.एड. प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के प्रशिक्षुओं के लिए पाँच दिवसीय अबेकस प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस विशेष प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य भावी शिक्षकों को अबेकस पद्धति के माध्यम से गणितीय कौशल, मानसिक गणना क्षमता तथा तार्किक सोच के विकास के लिए आवश्यक तकनीकों से परिचित कराना है।
प्रशिक्षण के उदघाटन अवसर पर संस्थान के प्रभारी प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अबेकस शिक्षा बच्चों में गणित के प्रति भय को दूर कर रुचि उत्पन्न करने और उनकी एकाग्रता, स्मरण शक्ति तथा समस्या समाधान क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आधुनिक दौर में खेल-खेल में और विजुअल तरीके से गणित सिखाने की यह एक बेहद प्रभावी तकनीक है।
इस पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने
और प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन करने के लिए मुख्य संदर्भदाता की भूमिका में सहायक अध्यापक रंजन बिष्ट और पंकज पांडे उपस्थित रहेंगे , कार्यशाला के मुख्य समन्वयक गोपाल प्रसाद कपरुवाण हैं। पाँच दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण के दौरान डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं को अबेकस के मूल सिद्धांतों, गणना की विभिन्न विधियों (जैसे तीव्र गति से जोड़, घटाना, गुणा और भाग) तथा प्राथमिक व जूनियर कक्षा शिक्षण में इसके प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों, अभ्यास सत्रों एवं समूह कार्यों के माध्यम से प्रशिक्षुओं को अनुभवात्मक अधिगम के बेहतरीन अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी पाँच दिनों तक निरंतर संचालित होगा, जिसमें संस्थान के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के सभी डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं द्वारा सक्रिय रूप से पूर्ण सहभागिता की जाएगी और इस प्रशिक्षण से सीखे गए कौशल का उपयोग सभी प्रशिक्षु अपने आगामी शिक्षण सत्र और विद्यालयी इंटर्नशिप के दौरान बच्चों को गणित सिखाने में करेंगे, जिससे उनका शिक्षण कौशल और अधिक समृद्ध व प्रभावी बनेगा ,
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का संचालन कार्यक्रम समन्वयक गोपाल प्रसाद कपरूवाण द्वारा किया गया l
