*रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ देवराड़ी मेले का समापन, विधायक ने मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए 98.28 लाख की घोषणा की*

 

 

रानीगढ़ क्षेत्र के आस्था के केंद्र देवल स्थित माँ देवराड़ी मंदिर में 18 सितंबर से शुरू हुए तीन दिवसीय देवराड़ी मेले का शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ भव्य समापन हो गया।

 

तीन दिनों तक चले इस मेले में क्षेत्र के दर्जनों महिला मंगल दलों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं के लोकनृत्य और बच्चों के कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे।

 

*विधायक ने किया 98.28 लाख के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास*

 

मेले के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कर्णप्रयाग के क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत देवराड़ी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 98 लाख 28 हजार रुपये की लागत से होने वाले कार्यों का शिलान्यास किया।

 

अपने संबोधन में विधायक नौटियाल ने कहा कि सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासतों को सहेजने के लिए प्रतिबद्ध है। देवराड़ी मंदिर को भव्य और आकर्षक बनाया जाएगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मौके पर हुई 1 लाख 23 हजार रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति की भी जानकारी दी।

 

उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र की दो प्रमुख मांगों – *खरसाई मोटर मार्ग के डामरीकरण और माठा-धनपुर सड़क* को जल्द ही शासन स्तर से स्वीकृत कराकर पूरा कराया जाएगा।

 

*मेला अध्यक्ष ने जताया आभार*

 

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं मेला अध्यक्ष रेखा बिष्ट ने अपने संबोधन में क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधानों, महिला मंगल दल अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति और पूरी मेला कमेटी का सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने विधायक द्वारा मंदिर के लिए धनराशि स्वीकृत करने पर समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया और विधायक के सम्मान में करतल ध्वनि से स्वागत कराया।

 

*ये रहे मौजूद*

 

समारोह में पूर्व मेला अध्यक्ष बिजेन्द्र बिष्ट, नितेश चौधरी, ग्राम प्रधान दुवा महावीर रावत, विक्रम सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान खरसाई शिवानी चौधरी, पूर्व प्रधान देवल पंकज देवली, सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम सिंह, ग्राम प्रधान सुनाक उत्तम सिंह चौधरी, सुषमा देवी, यशवन्त सिंह बिष्ट, राकेश सिंह, भागवत प्रसाद मैठाणी, राखी देवी, पदमा देवी, रमेश सिंह बिष्ट, सुमेदा बिष्ट, प्रियंका देवी, चन्दा देवी, वीरा देवी, लीला देवी, पंकज सिंह कण्डारी, ज्योति देवी, कुल्दीप सिंह, राकेश सिंह राणा, दीक्षा देवी, बद्री नेगी, राजे सिंह चौहान, गौ सेवा आयोग के सदस्य अनिल नेगी, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष पवित्रा बिष्ट, सरोजनी भंडारी सहित सैकड़ों ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद थे।

 

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन नितेश चौधरी और पुष्कर चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।