वार्ड नंबर 6 को मिलेगी नई पहचान, मुख्य मार्ग का नाम होगा ‘मंदिर मार्ग’

गौचर। नगर पालिका परिषद गौचर की बोर्ड बैठक में वार्ड नंबर 6 की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। 7 अगस्त 2026 को आयोजित बोर्ड बैठक में सभासद विनीत रावत ने वार्ड की भौगोलिक पहचान और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के व्यवस्थित नामकरण का प्रस्ताव रखा।
वार्ड नंबर 6 नगर पालिका क्षेत्र का सबसे बड़ा वार्ड होने के कारण यहां के लोगों को अपना पता बताने, घर का स्थान समझाने तथा डाक और डिलीवरी सेवाओं से संबंधित कार्यों में अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए केशवाश स्कूल से कालिंका मंदिर होते हुए पनाई शिवालय तक जाने वाले मुख्य मार्ग का नाम ‘मंदिर मार्ग’ रखने का प्रस्ताव दिया गया है।
प्रस्ताव के अनुसार मुख्य मार्ग से निकलने वाली गलियों को लेन नंबर 1, लेन नंबर 2, लेन नंबर 3 आदि के नाम से व्यवस्थित किया जाएगा। वहीं केशवाश स्कूल से बाईं ओर के पूरे क्षेत्र को ‘शिवालिक नगर’ के नाम से पहचान देने का प्रस्ताव है।
नगर पालिका परिषद गौचर की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने भी इस पहल की सराहना की। इस व्यवस्था से क्षेत्र की स्पष्ट पहचान स्थापित होने के साथ ही स्थानीय निवासियों, आगंतुकों और डिलीवरी सेवाओं को भी पते की जानकारी देने में सुविधा होगी।
वार्ड नंबर 6 के लोगों ने इस जनहितकारी पहल का स्वागत करते हुए सभासद विनीत रावत का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के व्यवस्थित नामकरण की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी और यह पहल क्षेत्र की पहचान को बेहतर बनाने के साथ-साथ आमजन की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
