निर्वाचक नामावली के दावे-आपत्तियों के निस्तारण का डीएम ने किया निरीक्षण, निष्पक्ष व समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

निर्वाचक नामावली के दावे-आपत्तियों के निस्तारण का डीएम ने किया निरीक्षण, निष्पक्ष व समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्दे
गोपेश्वर, 4 अगस्त।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड दशोली स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय सगर में संचालित निर्वाचक नामावली से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुनवाई प्रक्रिया का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की स्थिति, उनके निस्तारण की प्रगति तथा अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि एसआईआर के दूसरे चरण में जिन मतदाताओं के नाम अभी तक मैप नहीं हो पाए हैं या जिनके विवरण में त्रुटि अथवा विसंगति है, उनके निराकरण के लिए जनपद में कैंप मोड में सुनवाई की जा रही है। इन शिविरों में बीएलओ, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन कर त्रुटियों का तत्काल निराकरण कर रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाए तथा निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जाए। साथ ही सभी सुनवाई केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि जिनके नाम अभी तक मैप नहीं हो पाए हैं या जिनके विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित सुनवाई केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें, ताकि उनके दावे एवं आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
सुनवाई का कार्यक्रम:
बद्रीनाथ विधानसभा: 3 से 28 अगस्त
थराली विधानसभा: 3 से 31 अगस्त
कर्णप्रयाग विधानसभा: 3 से 22 अगस्त
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
