वर्ष 2026 के भारत-चीन सीमा व्यापार का विधिवत शुभारंभ

पिथौरागढ़ जिले के धारचूला स्थित ऐतिहासिक लिपूलेख दर्रे के से शनिवार को वर्ष 2026 के भारत-चीन सीमा व्यापार का विधिवत शुभारंभ हो गया। भारत-तिब्बत व्यापार संघ के अध्यक्ष जीवन सिंह रौंकली के नेतृत्व में 16 पंजीकृत व्यापारी और चार हेल्परों सहित 20 सदस्यीय पहला भारतीय व्यापारिक दल सफलतापूर्वक चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र स्थित तकलाकोट मंडी पहुंचा, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद व्यापारिक गतिविधियां शुरू की गईं।

उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने बताया कि दल ने 31 जुलाई को गुंजी इमीग्रेशन कार्यालय में आव्रजन प्रक्रिया पूरी की और नाबीढांग में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह लिपूलेख दर्रे से सीमा पार की। चीन प्रशासन ने प्रथम चरण में केवल पूर्व से पंजीकृत और पहले व्यापार कर चुके व्यापारियों को ही प्रवेश की अनुमति दी है। इसलिए यह दल नई व्यापारिक सामग्री साथ नहीं ले गया।

प्रशासन के अनुसार आगामी व्यापारिक दलों की तिथियों के लिए चीन प्रशासन से लगातार समन्वय किया जा रहा है। व्यापार के पुनः शुरू होने से सीमांत क्षेत्र के पारंपरिक व्यापार, स्थानीय व्यापारियों की आजीविका और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।