*गैरसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, विभागों को दिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश*

जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार गोपेश्वर में गैरसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जल संस्थान को गैरसैंण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए जल भंडारण क्षमता बढ़ाने, समर्पित पेयजल परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने तथा पुलिस बैरक के लिए भी पृथक जलापूर्ति लाइन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग को भराड़ीसैंण हेलीपैड के निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ ही हेलीपैड की सुरक्षा के दृष्टिगत बाउंड्री वॉल का निर्माण भी प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने शहरी विकास विभाग एवं जिला पंचायत को विधानसभा सत्र के दौरान आवश्यकता के अनुरूप मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था करने तथा स्थायी शौचालयों के निर्माण की कार्यवाही समय पर पूर्ण करने को कहा। वहीं शिक्षा विभाग को संबंधित विद्यालयों में हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में पूर्ति विभाग, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को भी अपने-अपने दायित्वों के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे विधानसभा सत्र का सफल एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
