*जनपद में गठित होगा सामुदायिक मध्यस्थ पैनल*

 

*विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमंत्रित किए आवेदन*

 

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद चमोली में स्थानीय स्तर पर विवादों के सौहार्दपूर्ण एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सामुदायिक मध्यस्थ पैनल का गठन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य न्यायालयों में जाने से पूर्व आपसी संवाद, समझौते और मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है।

 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पुनीत कुमार ने बताया कि सामुदायिक मध्यस्थ पैनल के गठन हेतु योग्य एवं अनुभवी व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके अंतर्गत सेवानिवृत्त न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी, विद्वान अधिवक्ता, शिक्षक, समाजसेवी तथा पूर्व जनप्रतिनिधि आवेदन करने के पात्र होंगे।

 

उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी इस सूचना के प्रकाशन की तिथि से 15 दिनों के भीतर अपना आवेदन पत्र आवश्यक अभिलेखों सहित कार्यालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गोपेश्वर में स्वयं उपस्थित होकर अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं।

सचिव ने कहा कि सामुदायिक मध्यस्थ पैनल के गठन से स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे विवादों का त्वरित, सहज एवं सौहार्दपूर्ण समाधान संभव होगा, जिससे आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिलेगा।