*25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उत्सव!*

*उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह पर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में भव्य “रजत जयंती रैतिक परेड” का आयोजन, मा0 मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड ने अमर शहीदों को किया नमन, आन्दोलनकारियों को किया सम्मानित*
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर आज राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित विधानसभा भवन भराड़ीसैंण में एक अभूतपूर्व एवं भव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया। यह समारोह राज्य के बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ-साथ, उत्तराखण्ड की गौरवशाली 25 वर्षों की यात्रा का उत्सव बन गया।
*माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामी जी* ने भराड़ीसैंण आगमन के साथ ही सबसे पहले उन शहीदों की वीरगाथा को नमन किया, जिन्होंने राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। मुख्यमंत्री ने शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर, समस्त प्रदेशवासियों की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इसके उपरांत, माननीय मुख्यमंत्री ने चमोली पुलिस, आईटीबीपी, आईआरबी, होमगार्ड के जवानों एवं एनसीसी के छात्रों द्वारा बैण्ड की सुरीली और देश भक्तिपूर्ण धुन पर कदम से कदम मिलाकर प्रस्तुत भव्य “रजत जयंती रैतिक परेड” का मान-प्रणाम ग्रहण किया और परेड का निरीक्षण किया। बुलंद आवाज और कुशल नेतृत्व के साथ रैतिक परेड की कमान *पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा* ने संभाली। जिनकी बेहतर कमांड ने न केवल जवानों में जोश भरा, बल्कि उपस्थित समस्त दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान, माननीय मुख्यमंत्री द्वारा उत्तराखण्ड राज्य निर्माण निर्माण आंदोलन में निर्णायक भूमिका निभाने वाले आन्दोलनकारियों उनके परिजनों व आश्रितों को सम्मानित किया गया। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नशे व साइबर जागरूकता, अतिथि देवो भव:, आयुष्मान भव:, वोकल फॉर लोकल, श्री अन्न गढ़भोज, कृषि विविधिकरण एवं ग्रामीण समृद्धि, जल संवर्धन एवं ऊर्जा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित विभागीय स्टालों का भी निरीक्षण किया।
अपने सम्बोधन में माननीय मुख्यमंत्री जी ने सर्वप्रथम परेड में प्रदर्शित उत्कृष्ट अनुशासन और भव्यता के लिए सभी जवानों को बधाई देते हुए परेड की सराहना की व समस्त प्रदेशवासियों एवं उपस्थित लोगों को उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि “हम उत्तराखण्ड की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मना रहे हैं। यह क्षण हमारे लिए केवल खुशी का नहीं, बल्कि आत्म-गौरव का पल है। मैं सभी अमर शहीदों, आंदोलनकारियों और जन नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ, जिनके बलिदान और संघर्ष से यह राज्य अस्तित्व में आया।” मुख्यमंत्री ने आगामी 25 वर्षों में उत्तराखण्ड को देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में से एक बनाने के संकल्प को दोहराया।

इस अवसर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, मा0 विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, मा0 विधायक थराली भूपाल राम टम्टा, मा0 विधायक रानीखेत प्रमोद नैनवाल,मा0 विधायक रुड़की प्रदीप बत्रा, मा0 विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, मा0 विधायक कपकोट सुरेश गढ़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट, जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत पँवार, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहें।
