स्वर्ण जयंती पर 11 नवंबर से सजेगा पांच दिवसीय 24वां गढ़ कौथिग, उत्तराखंड की लोक संस्कृति के दिखेंगे रंग

गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था के 50 वर्ष पूरे होने पर होगा भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई दिग्गज हस्तियां होंगी शामिल; सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लगेेंगे पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प के स्टॉल।

 

देहरादून। गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था (पंजीकृत), क्लेमेनटाउन देहरादून की ओर से संस्था की स्वर्ण जयंती (50वीं वर्षगांठ) और उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 24वें भव्य एवं विशाल गढ़ कौथिग का आयोजन किया जा रहा है। पांच दिवसीय यह लोकोत्सव 11 से 15 नवंबर 2026 तक पिपलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण, वेल रोड, क्लेमेनटाउन में आयोजित होगा। मेले की तैयारियों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देने के लिए शनिवार, 7 नवंबर को उत्तरांचल प्रेस क्लब देहरादून में संस्था की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई।

 

संस्था के अध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत (सेवानिवृत्त), महासचिव एवं पार्षद दीपक नेगी तथा मेला अधिकारी सूबेदार मेजर दुर्गा प्रसाद बडोनी (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस कौथिग का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोक परंपराओं का प्रचार-प्रसार एवं संरक्षण करना है।

 

पांच दिन तक दिखेगी उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक

 

संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि पांच दिवसीय गढ़ कौथिग में उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान, स्थानीय व्यंजनों, पारंपरिक पहनावे और वस्त्रों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगों को भी अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रसिद्ध चिकित्सकों की देखरेख में चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्कूली बच्चों और संस्था की महिला मंडली की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। वहीं उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकार और गीतकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

 

मेले के दौरान संस्था की स्मारिका ‘समलौण-2026’ का विमोचन, संस्था के वयोवृद्ध सदस्यों का सम्मान और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। कौथिग के समापन अवसर पर लॉटरी टिकटों के पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे।

 

मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का कार्यक्रम

 

11 नवंबर: दोपहर में धर्मपुर विधायक विनोद चमोली मुख्य अतिथि और जेएस बिष्ट, एमडी एडोस रिन्यूएबल प्रा. लि. विशिष्ट अतिथि होंगे। शाम को देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल मुख्य अतिथि तथा डॉ. जेपी बौंठियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

 

12 नवंबर: दोपहर में महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल मुख्य अतिथि और समाजसेवी महेश गोयल विशिष्ट अतिथि होंगे। शाम को वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि तथा बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला विशिष्ट अतिथि होंगे।

 

13 नवंबर: दोपहर में भारत कंस्ट्रक्शन के प्रबंध निदेशक रणधीर सिंह पंवार मुख्य अतिथि और कविता ज्वैलर्स के प्रबंध निदेशक महेश धीर विशिष्ट अतिथि होंगे। शाम को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत मुख्य अतिथि तथा भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत विशिष्ट अतिथि होंगी।

 

14 नवंबर: दोपहर में मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल मुख्य अतिथि और भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राहुल देव दंड विशिष्ट अतिथि होंगे। शाम को सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि होंगे। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और छावनी परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री भूपेंद्र सिंह कंडारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

 

15 नवंबर: दोपहर में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) मुख्य अतिथि और रेडफोर्ट स्कूल के चेयरमैन डॉ. शूरवीर सिंह बिष्ट विशिष्ट अतिथि होंगे। शाम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन कमल घनशाला तथा पतंजलि आयुर्वेद के पद्म संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक आचार्य बालकृष्ण विशिष्ट अतिथि होंगे।

 

पहले भी आयोजित किया गया निशुल्क चिकित्सा शिविर

 

संस्था ने सामाजिक सरोकारों के तहत 1 नवंबर को गढ़ भवन, वेल रोड क्लेमेनटाउन में ग्राफिक एरा अस्पताल के अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के सहयोग से निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया था। इसमें क्षेत्र और दूरदराज से पहुंचे लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा परामर्श का लाभ उठाया।

 

दीपावली की शुभकामनाओं के साथ हुई प्रेसवार्ता

 

प्रेसवार्ता शुरू होने से पहले संस्था के प्रतिनिधिमंडल और उपस्थित पत्रकारों ने दीपावली के पावन अवसर पर एक-दूसरे को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत, महासचिव एवं पार्षद दीपक नेगी, मेला अधिकारी सूबेदार मेजर दुर्गा प्रसाद बडोनी, संरक्षक कर्नल हीरा मणि बर्थवाल, सुंदर लाल सेमवाल, विश्व भास्कर मैंदोला, उमराव सिंह गुसाईं, कैप्टन महेंद्र सिंह बिष्ट, आरसीएस रावत, जितेंद्र खंतवाल, जयपाल सिंह रावत, राजपाल सिंह नेगी, नरेंद्र कोटनाला और गोविंद सिंह रावत सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

 

प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों ने आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल पूछे, जिनका संस्था के पदाधिकारियों ने जवाब दिया। संस्था ने क्षेत्रवासियों और प्रदेशवासियों से पांच दिवसीय गढ़ कौथिग में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं के इस उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की।