*स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा: गैरसैंण में बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर, पहले दिन 521 लोगों ने उठाया लाभ*

सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग चमोली के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण में बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के पहले दिन 521 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों से संबंधित परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिल्पा भानुदास ने 90, फिजिशियन डॉ. जायजीत गुहा ने 145, सर्जन डॉ. नीरज पिमोली ने 60, नाक-कान-गला विशेषज्ञ डॉ. दिग्विजय वंडकर ने 47, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाति शर्मा ने 80 तथा डेंटल हाइजीनिस्ट विनोद बिष्ट ने 37 मरीजों का उपचार किया।
शिविर के दौरान रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अंकुश ने 81 अल्ट्रासाउंड जांच कीं, जबकि एक्स-रे टेक्निशियन कैलाश रावत ने 58 मरीजों के निःशुल्क एक्स-रे किए। इसके अलावा 89 रक्त जांच, 33 ईसीजी परीक्षण किए गए। 10 लोगों के आयुष्मान भारत एवं आभा कार्ड बनाए गए तथा दो लोगों को दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए।
गैरसैंण ब्लॉक के दूरस्थ गांवों से पहुंचे लोगों को स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पंजीकृत मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित कीं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अर्जुन रावत सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य कर्मचारियों ने शिविर के सफल संचालन में सहयोग किया।
